शक्तिनगर/सोनभद्र एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ0 राधाकृष्णन एवं मदर टेरेसा को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई, क्योंकि एक ओर जहाँ डॉ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान शिक्षक, प्रख्यात दार्शनिक थे, उन्होंने लोगों को जीवन दर्शन सिखाया वहीं दूसरी ओर मदर टेरेसा करुणा, प्रेम और मानवता का पाठ पढ़ाते हुए अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, अनाथों और असाध्य रोगियों की सेवा में समर्पित कर दिया। इसके पश्चात् प्रार्थना के माध्यम से विद्यार्थियों ने ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति के रूप में कक्षा 12 के विद्यार्थियों जाह्नवी, आलिया, स्नेहा, एंजेला एवं खुशबू ने मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात कक्षा 7 से 9 के रेड हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की ऊर्जावान प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया।

इसके बाद ब्लू हाउस के विद्यार्थियों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास एवं उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में अक्षिता राय, लावण्या एवं आन्या द्वारा एक भावपूर्ण कविता पाठ भी प्रस्तुत किया गया। कविता के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों के महत्त्व और उनके मार्गदर्शन के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इसके बाद कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक स्किट एवं समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्किट के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षक और विद्यार्थी के संबंध तथा शिक्षा के महत्त्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं समूह नृत्य ने कार्यक्रम में मनोरंजन और उल्लास का रंग भर दिया। समारोह के दौरान मंच संचालन की जिम्मेदारी जाह्नवी, शुभम, अलीन सेराह, तेजस, अनन्या एवं केविन ने संभाली। विद्यार्थियों ने प्रभावी एवं आत्मविश्वासपूर्ण मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की प्रत्येक प्रस्तुति का सुंदर परिचय दिया और पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संदेश में शिक्षकों के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में सही दिशा चुनने, अनुशासन अपनाने और एक बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके समर्पण और योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
एनटीपीसी द्वारा आयोजित 5S प्रतियोगिता का परिणाम एवं पुरस्कार वितरण भी एनटीपीसी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की सभी प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का उत्साह, अनुशासन और रचनात्मकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अंततः शिक्षक दिवस समारोह सम्मान, कृतज्ञता, आनंद और उल्लास के सुंदर संगम के रूप में राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ जिसमें सभी विद्यार्थियों के साथ शिक्षकगण उपस्थित रहे।

