राखी के पवित्र धागे में जुड़ा स्नेह और विश्वास — छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. को बांधी राखी*

---Advertisement---

 

सिंगरौली। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में स्नेह, अपनत्व और उत्साह से भरा भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न, ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल बैढ़न एवं संस्कार वैली विद्यालय बैढ़न की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

राखी लेकर पहुंची छात्राओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बच्चियों ने पुलिस अधीक्षक को तिलक लगाकर राखी बांधी तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। छात्राओं के स्नेह से पूरा वातावरण आत्मीय और भावपूर्ण हो उठा। पुलिस अधीक्षक ने भी छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने छात्राओं से सहज एवं आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने तथा सुरक्षा के प्रति सदैव जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

*पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रक्षाबंधन का यह पवित्र बंधन स्नेह के साथ विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से संपर्क करें।*

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बना। यह आत्मीय आयोजन पुलिस और बेटियों के बीच विश्वास, संवेदनशीलता और सुरक्षा के रिश्ते को और मजबूत करने वाला बना।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार श्री आशीष तिवारी, सउनि (एम) सतीश कुमार एवं प्रधान आरक्षक आशीष बागरी उपस्थित रहे। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न से शिक्षिका रुचि तिवारी एवं रेखा शाह, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न से शिक्षिका श्रीमती पल्लवी दास, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न से प्राचार्य श्री अश्वनी कुमार सोनी, ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल बैढ़न से प्राचार्य श्रीमती बिंदु श्रीवास्तव तथा संस्कार वैली विद्यालय बैढ़न से प्राचार्य श्रीमती आशा सोनी अपने-अपने विद्यालयों की छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं।

*सिंगरौली पुलिस बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।*

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now