सेरजुल हुदा।
दुद्धी /सोनभद्र । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत दीघुल मे रविवार को एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां ठेमा नदी में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीघुल निवासी दारा सिंह गौड़ (35) पुत्र हीरालाल शनिवार शाम करीब 4 बजे घर से पास की ठेमा नदी पार करके रिश्तेदारी में गए थे। आशंका जताई जा रही है कि लौटते समय नदी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने के कारण वह पानी में बह गए।
जब देर तक दारा सिंह घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई उनका कोई खबर नहीं मिला।आज रविवार दोपहर करीब 3 बजे नदी के पास गाय चरा रहे चरवाहों ने घर से 500 मीटर दूर नदी में उतराया हुआ शव देखा। चरवाहों की सूचना पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी के मोर्चरी घर भेज दिया है।
परिजनों व ग्रामीणों के मुताबिक,मृतक परिवार का अकेला सहारा था ।मृतक दो भाइयों में बड़ा था और बाहर मजदूरी करके अपने परिवार का जीवन यापन करता था।

