सत्यपाल सिंह,,म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लॉक के बभनडीहा स्थित देव स्थल पर रविवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बड़ा देव सेवा समिति के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में आदिवासी महिला-पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के अधिकारों, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज के लिए अलग गोड़ी धर्म कोड की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए इसे लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। साथ ही जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा, आदिवासियों के उत्पीड़न पर रोक तथा पारंपरिक संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि सांसद छोटेलाल खरवार ने बभनडीहा देव स्थल के सुंदरीकरण के लिए सांसद निधि से 15 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देव स्थल का विकास आदिवासी समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम के बाद आदिवासी अधिकार मंच के बैनर तले बभनडीहा से म्योरपुर खेल मैदान तक वाहन एवं पैदल जुलूस निकाला गया। पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों के साथ निकले जुलूस में लोगों ने अपनी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए।
इस अवसर राज्य मंत्री संजीव गोंड, जीत सिंह खरवार, ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोड़, पूर्व विधायक हरिराम चेरो, सुषमा सिंह, बबई गोंड, जय मंगल गोंड, हरि प्रसाद सलबंदी, अशर्फी सिंह गोंड,महीपत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

