सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र । आज सोमवार को हुई बारिश के कारण आकाशीय बिजली की चपेट मे आने से विंढमगंज थाना क्षेत्र के फूलवार और जोरूखाड़ गांवों मे अलग‑अलग घटनाओं मे 7 पशुओं की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलवार निवासी पशुपालक रूपन यादव और जोरूखाड़ निवासी सुखाई गोंड अपने मवेशियों को चरा रहे थे। दोनों रोज की तरह करीब पांच किलोमीटर दूर जंगल में चराने गए थे। दोपहर लगभग 2 बजे अचानक तेज हवा, बारिश और गरज‑चमक के साथ मौसम खराब हुआ। इसी दौरान जंगल में पेड़ के नीचे खड़े मवेशियों पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में रूपन यादव की चार तथा सुखाई गोंड की दो गायें वहीं दम तोड़ गईं।
वहीं जोरूखाड़ निवासी इंद्रजीत यादव के आँगन में बंधी भैंस भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रजीत ने बताया कि भैंस आठ माह की गर्भवती थी और लगभग दो माह में बच्चा देने वाली थी, जिससे उन्हें भारी मानवीय और आर्थिक क्षति हुई है।
घटनास्थल पर राजस्व और पुलिस विभाग की टीम पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही है।

