*सिंगरौली /मप्र,पुलिस की संवेदनशील पहल : बीच सड़क प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को समय पर पहुंचाया अस्पताल, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित**एफआरवी स्टाफ की तत्परता से सुरक्षित अस्पताल पहुंची प्रसूता, मानवता की मिसाल बनी सिंगरौली पुलिस*
*पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में सिंगरौली पुलिस लगातार कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय सेवा के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28 जून 2026 की भोर लगभग 04:00 बजे चौकी खुटार की एफआरवी-04 नियमित भ्रमण पर थी।*
भ्रमण के दौरान खुटार बाजार के पहले तालाब के पास पुलिस टीम को बाबूलाल केवट निवासी ग्राम ढेकी मिले, जिन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी सुमन केवट (उम्र लगभग 25 वर्ष) को प्रसव हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई। इसी दौरान सड़क पर ही महिला का प्रसव हो गया तथा अस्पताल तक पहुंचने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।
सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षक 547 योगेन्द्र मिश्रा एवं एफआरवी पायलट रामभुवन शाह ने तत्काल चौकी प्रभारी खुटार उप निरीक्षक श्रीमती शीतला यादव एवं रात्रि मुंशी प्रधान आरक्षक 47 सच्चिदानंद तिवारी को सूचना दी। इसके बाद बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने नवप्रसूता एवं नवजात शिशु को पूरी सावधानी एवं संवेदनशीलता के साथ एफआरवी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा जच्चा एवं नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें मां एवं बच्चा दोनों पूर्णतः सुरक्षित पाए गए। परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सिंगरौली पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
सिंगरौली पुलिस का यह सराहनीय कार्य एक बार फिर साबित करता है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है।
*सराहनीय भूमिका* इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक श्रीमती शीतला यादव (चौकी प्रभारी खुटार), प्रधान आरक्षक 47 सच्चिदानंद तिवारी (रात्रि मुंशी), आरक्षक 547 योगेन्द्र मिश्रा तथा एफआरवी पायलट रामभुवन शाह की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।

