सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खजूरी गाँव मे स्थित एक बंद मकान मे चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया और घर के अंदर रखे लाखों के गहने सहित नगद पैसे लेकर फरार हो गये। घटना की जानकारी उस समय हुई जब मकान स्वामी अमित कुमार सोमवार दोपहर अपने घर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़ित अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि वह ग्राम जाबर के निवासी हैं और खजूरी में किराए के मकान में रहकर कई वर्षों से जनरल स्टोर की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि 21 मई को पत्नी के ऑपरेशन के लिए पूरे परिवार के साथ वाराणसी गए थे। सोमवार को लौटने पर देखा कि घर के अंदर स्थित कमरे का ताला टूटा हुआ था तथा अलमारी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।
अमित कुमार के अनुसार अलमारी में रखे सोने के कई कीमती आभूषण तथा अन्य सामान गायब थे। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से घर के विभिन्न हिस्सों में रखे सामानों को खंगाला और कीमती वस्तुओं को समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, श्याम जी यादव तथा कांस्टेबल सर्वेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। बाद में फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

