कोन(जयदीप गुप्ता)। कोन बाजार स्थित तेलगुड़वा मोड़ के समीप कोन-विंढमगंज मुख्य मार्ग पर बना बड़ा गड्ढा इन दिनों राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों के लिए गंभीर समस्या का कारण बन गया है। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक खराब हो गई है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्ग पर बने इस गहरे गड्ढे में पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। विशेष रूप से दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग संतुलन बिगड़ने से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
सड़क के किनारे स्थित दुकानदारों ने बताया कि गड्ढे और जलभराव की वजह से ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है, जिससे उनकी दुकानदारी पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
मंगलवार को प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष एवं व्यापार मंडल कोन के संरक्षक लक्ष्मी कुमार जायसवाल ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक्सियन तथा जेई से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। इस दौरान अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि अगले 24 घंटे के भीतर गड्ढे की मरम्मत कराकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि बरसात के मौसम में यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में समय रहते मरम्मत कार्य कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

