कोन(जयदीप गुप्ता)।कोन बाजार स्थित अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में प्रसव के दौरान हुई आशा कार्यकर्ता सीमा देवी की मौत के मामले में कोन पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रही 10 हजार रुपये की इनामिया स्टाफ नर्स सलमा तथा उसकी सहयोगी दाई जौरुन बीबी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गौरतलब है कि बागेसोती क्षेत्र के सिंघा टोला निवासी 38 वर्षीय सीमा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर बीते शनिवार को कोन बाजार स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में फर्जी चिकित्सक और उनकी टीम द्वारा किए गए ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके चलते सीमा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था तथा अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ था।
मामले की सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल की जांच कर कार्रवाई शुरू की थी। वहीं घटना के बाद अस्पताल से जुड़े डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए थे। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना कोन में गैर इरादतन हत्या सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने फरार डॉक्टर की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये तथा स्टाफ नर्स सलमा की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार को वांछित इनामिया स्टाफ नर्स सलमा पत्नी आसिफ मोहम्मद निवासी देवाटन थाना कोन तथा सहयोगी दाई जौरुन बीबी पत्नी करीमन निवासी सिसरी बनखेता थाना खरौंधी जनपद गढ़वा (झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी चकरिया उपनिरीक्षक शिव प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल शिव कुमार यादव, महिला आरक्षी स्वधा सिंह तथा महिला आरक्षी सौम्या तिवारी शामिल रहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपित डॉक्टर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

