रावर्ट्सगंज/सोनभद्र/अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद सोनभद्र द्वारा मारकुंडी घाटी से लोढ़ी टोल प्लाजा तक लगातार बढ़ रही जाम एवं यातायात अव्यवस्था की गंभीर समस्या को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की गई।
संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल एवं प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने कहा कि जनपद के औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों — शक्तिनगर, बीजपुर, अनपरा, रेणुकूट एवं डाला से प्रतिदिन भारी संख्या में ओवरलोड एवं भारी वाहनों का संचालन होता है, जिसके कारण मारकुंडी घाटी से लोढ़ी टोल प्लाजा तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इसका सीधा असर व्यापारियों, आम नागरिकों, स्कूली वाहनों एवं एंबुलेंस सेवाओं पर पड़ रहा है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की कि भारी वाहनों के लिए सिंगल लाइन बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू की जाए तथा दूसरी लेन छोटी गाड़ियों एवं एंबुलेंस के लिए सुरक्षित रखी जाए। साथ ही लोढ़ी टोल प्लाजा पर आपातकालीन सेवाओं हेतु अलग लेन निर्धारित करने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि खनन एवं औद्योगिक कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर भारी वाहनों के संचालन का समय निर्धारित किया जाए तथा जाम प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि “सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था केवल सुविधा नहीं बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा का विषय है।” यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल, प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन, जिला उपाध्यक्ष गोपी सोनकर, जिला मंत्री राजेश गुप्ता, जिला संगठन महामंत्री रमाशंकर पांडे सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।

