सत्यपाल सिंह,,म्योरपुर थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित देवपहरी घूटरा के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे पत्नी से विवाद के बाद एक युवक पारेषण टावर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान रामलखन गोड़ (38) पुत्र पतिराज निवासी देवरी पूर्बे टोला के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद युवक नाराज होकर पारेषण टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण युवक पारेषण टावर पर चढ़ गया था, जिसे समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतार लिया गया। दोनों पक्षों को थाने लाकर समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक ने पुलिस को बताया कि वह लिलासी स्थित अपने ससुराल गया था जहां 15 मई को उसने पत्नी से घर चलने की बात कही, लेकिन पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। युवक का आरोप है कि इसी दौरान पत्नी के भाइयों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में पत्नी के घर लौटने पर उसने मारपीट करने वालों के बारे में पूछा। पत्नी ने तीन लोगों के नाम बताए, लेकिन चौथे व्यक्ति का नाम नहीं बताया। इसी बात को लेकर वह आक्रोशित हो गया और गुस्से में आकर बुधवार को पारेषण टावर पर चढ़ गया।

