कोन(जयदीप गुप्ता)।स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की दोपहर पांडु नदी में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार झारखंड राज्य के केतार थाना क्षेत्र के बीजडी गांव निवासी 12 वर्षीय कालू राम पुत्र उमेश राम अपने माता पिता के साथ कोन में प्रदीप भारती के घर उनके लड़के की शादी में शामिल होने आया हुआ था। बीते 14 मई को प्रदीप भारती के लड़के की बारात गई थी, जिसकी शुक्रवार सुबह वापसी हुई थी। घर में शादी की रस्मों और खुशी का माहौल था। इसी बीच दोपहर में कालू राम अपने कुछ साथियों के साथ घर के पास स्थित पांडु नदी में नहाने चला गया।
बताया जा रहा है कि नदी के कुछ हिस्सों में पानी काफी गहरा है। नहाने के दौरान कालू राम अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बालक को पानी से बाहर निकाला गया,और एंबुलेंस को बुलाकर उसे कोन सरकारी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बालक की सांसे थम चुकी थी,डॉक्टर ने बालक को देखते ही मृतक घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। विशेषकर उसकी मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी वाले घर में अचानक छाए मातम से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।वहीं मृतक बालक के माता पिता रोते बिलखते हुए उसके शव को लेकर अपने मूल निवास के लिए गए।

