@ जयदीप गुप्ता।
कोन(सोनभद्र)। सोमवार की दोपहर अचानक आई तेज आंधी-तूफान और बारिश ने कोन क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी है। तेज तूफान के चलते क्षेत्र में दर्जन भर से अधिक बिजली के पोल धराशायी हो गए, वहीं कई स्थानों पर पेड़ और पोल गिरने से विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए है। इस आपदा का सबसे अधिक प्रभाव विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है, जिसके कारण कोन व कचनरवा विद्युत उपकेंद्रों से सप्लाई तीसरे दिन यानी बुधवार की सुबह तक भी नहीं हो सकी है,जिसकी वजह से पेयजल और मोबाइल चार्जिंग की समस्या गहरा गई है वही बैंकों सहित अन्य जगहों पर कार्य ठप हो गया है
आंधी-तूफान और बारिश के चलते गांवों में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। विशेष रूप से उन घरों में पेयजल संकट गहरा गया है, जहां इन दिनों शादी-विवाह के कार्यक्रम निर्धारित हैं। बिजली बाधित होने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।जबकि विद्युत विभाग की दर्जनों कर्मचारियों की टीमें युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त करने में लगे हैं, लेकिन कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने और भारी क्षति के कारण कार्य में बाधाएं आ रही हैं।बिजली कर्मियों की माने तो क्षति अपेक्षा से अधिक होने के चलते मरम्मत कार्य में समय लग रहा है,उनका कहना है कि मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है अभी भी सप्लाई शुरू होने में कुछ समय और लग सकता है।
वहीं स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है, ताकि जनजीवन सामान्य हो सके।वही बुधवार की सुबह तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है।

