कोन(जयदीप गुप्ता)। विकास खंड कोन के महुद्दीनपुर स्थित राजवंशी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र प्रिंस कुमार ने यूपी बोर्ड परीक्षा में 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने टॉप सूची में स्थान बनाकर विद्यालय और गांव दोनों को गौरवान्वित किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर और प्रिंस के गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील चतुर्वेदी ने बताया कि प्रिंस कुमार, संतोष कुमार के पुत्र हैं और मीटिहिनिया जैसे छोटे गांव के निवासी हैं। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद प्रिंस ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और सतत परिश्रम के दम पर यह सफलता अर्जित की है। उन्होंने कहा कि प्रिंस की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है, जो यह सिद्ध करती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
प्रिंस की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व एमएलसी जय प्रकाश चतुर्वेदी ने उन्हें मिठाई खिलाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी विद्यार्थी यदि लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तो वे उच्च शिखर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने प्रिंस के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी निरंतर परिश्रम करते रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राजेश जायसवाल, भूपेंद्र शर्मा सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रिंस कुमार को बधाई देते हुए उसके आगामी जीवन में और अधिक सफलता की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

