खेल टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है-समिक बसु
अनपरा, सोनभद्र। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुपावर डिवीजन के यूनिट हेड आर.पी. सिंह के दिशा निर्देशन में हिंडालको रेनुसागर के तत्वावधान में आयोजित आदित्य बिड़ला इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेनुसागर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल रेनुसागर के टीम को 60 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।इसके पूर्ब हिंडालको रेनुसागर के एच आर हेड आशीष पांडेय ने अपने स्वागत सम्बोधन में आये हुये अतिथि का स्वागत कर क्रिकेट मैच पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी सामिक बसु ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करते हैं।

स्थानीय आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में खेले गए फाइनल मैच में एबीआईसी रेनुसागर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 125 रन बनाए। टीम की ओर से अमन ने शानदार 47 रन और प्रीत ने 22 रनों का योगदान दिया। एबीपीएस रेनुसागर की ओर से एरॉन वर्गीस ने 3 विकेट और मयंक ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एबीपीएस रेनुसागर की टीम ने 13 ओवर में 65 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से एरॉन वर्गीस ने 14 रन और अंश मिश्रा ने 12 रन बनाए। एबीआईसी की ओर से आदित्य ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अंशु ने 2 विकेट अपने नाम किए।
इस प्रकार एबीआईसी रेनुसागर की टीम ने 60 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
मैच में अंपायर की भूमिका ए.के. राय एवं बी.एल. पाठक ने निभाई, जबकि मैच का आंखों देखा हाल सदानन्द पांडेय एवं अनुराग तोमर ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोहित सक्सेना, सदानन्द पांडेय, रमेश वर्मा और देवेंद्र त्रिपाठी का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर आईटी हेड ललित खुराना,ईआर हेड मृदुल भारद्वाज, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन ब्रजेश कुमार वर्मा, एबीआईसी प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह,संजीव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

