कोन(जयदीप गुप्ता)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को कोन क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में जय भीम के नारों की गूंज सुनाई देती रही और उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
शोभायात्रा की शुरुआत अम्बेडकर चौक से हुई, जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद आकर्षक झांकियों, डीजे, ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस प्राथमिक विद्यालय, देवाटन मोड़, तेलगुड़वा तिराहा, कोन बस स्टैंड, अस्पताल रोड होते हुए पुरानी बाजार से गुजरकर पुनः अम्बेडकर चौक पहुंचा। इस दौरान मार्ग के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
जुलूस में रामगढ़, रोरवा और कोन सहित आसपास के गांवों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अलग-अलग टोलियों में शामिल लोग बाबा साहब के विचारों को दर्शाती झांकियां लेकर चल रहे थे। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी भागीदारी रही।
अम्बेडकर समिति, कोन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन पर सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए संविधानिक अधिकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षित करने पर विशेष ध्यान दें।
कार्यक्रम में प्रमोद भारती, उमेश कुमार, चंदन कुमार, संतोष पासवान, सरदार जगदीश भारती, विजय शंकर, राजू बाबा समाजसेवी,विनय कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी सतर्क रहा।

