सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र। रमजान माह के 30 रोजे पूरे होने के बाद आज शनिवार को कस्बा दुद्धी सहित आसपास के क्षेत्रों मे ईद- उल- फितर का त्यौहार बड़े ही अक़ीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के बच्चे, बूढ़े, जवान सभी लोग नए-नए कपड़े पहनकर बड़ी संख्या मे ईदगाहों और मस्जिदों मे आकर ईद की नमाज अदा की तथा देश मे अमन-चैन और शांति की दुआ मांगी। आपको बता दें की कस्बा स्थित मकतब जब्बारिया ईदगाह मे सुबह 8:00 बजे हजरत नसीर- ए- मिल्लत ने नमाज अदा करायी, जबकि सुबह 8:30 बजे रज़ा जामा मस्जिद मे मौलाना नजीरुल कादरी ने एवं सुबह 9:00 बजे कादरिया गर्ल्स कॉलेज मल्देवा मे हाफिज महमूद साहब ने ईद- उल -फितर की नमाज अदा करायी। इस दौरान नमाजियों ने बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ इबादत की और मुल्क की तरक्की और सलामती के लिए दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ ईद मुबारक की बधाई दी और कब्रिस्तान जाकर अपने अपने मरहूमिनों के कब्रों पर फातिहा पढ़ कर दुआ की ।इसके बाद एक दूसरे के घरों में जाकर लजीज सेंवईयों का लुत्फ उठाया और भाईचारे का संदेश दिया। स्थानीय प्रशासन ने चांद रात से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी जिससे कि त्योहार मे अमन शांति बनी रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह के साथ बड़ी संख्या मे पीएससी एवं पुलिस के जवान सड़कों एवं ईदगाह स्थलों पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था में लग रहे।

