ट्रैक्टर की चपेट में आया बाइक सवार युवक,मौत
सोनभद्र :सड़क हादसों में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। राबर्ट्सगंज कोतवाली के नई बाजार में हुए हादसे में युवक की मौत हुई है। घायलों में एक झारखंड राज्य का निवासी है।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के तरावां गांव निवासी जितेंद्र यादव (25) सोमवार की रात साढ़े आठ बजे अपने दो साथियों के साथ बाइक से पन्नूगंज क्षेत्र से घर जा रहे थे। वे जैसे ही नई बाजार स्थित इण्डियन बैंक के समीप पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल जितेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जितेंद्र को वाराणसी
रेफर कर दिया गया, लेकिन वाराणसी पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग शव को लेकर देर रात जिला अस्पताल पहुंचे, जिसका पोस्टमार्टम राबर्ट्सगंज पुलिस ने कराया। इस घटना में घायल दो व्यक्ति निजी चिकित्सालय में उपचार करा रहे हैं।

