सिंगरौली/मध्यप्रदेश।
जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं आपूर्ति निरंतर जारी हैं तथा किसानों को व्यवस्थित ढंग से वितरण कराया जा रहा है। कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण कार्य की निरंतर सघन मॉनिटरिंग की जा रही है।

इसी क्रम में कलेक्टर श्री मालवीय ने शनिवार को विपणन केंद्र चुरहट का निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण कार्य का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने किसान भाइयों से चर्चा की और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना किसी परेशानी के किसानों को उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राजस्व विभाग तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में शासकीय एवं अशासकीय उर्वरक विक्रय केंद्रों में उर्वरक की उपलब्धता तथा वितरण की सघन मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने निर्देशित किया है कि केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहें। छाव, कुर्सी पेयजल आदि की व्यवस्थाएं भी केंद्र पर की जाए।
कलेक्टर श्री मालवीय ने समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वह पूरे धैर्य संयम एवं शांति के साथ उर्वरक प्राप्त करें। जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा शासन से सतत आपूर्ति भी जारी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश जैसे सर्वर डाउन रहता है, कुछ समस्या आती है तो ऐसे किसान भाई संयम रखें। ऐसे में किसान भाइयों को ऑफलाईन खाद विक्रय की भी व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी चुरहट एसपी मिश्रा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

