घोरावल(पी डी)सोनभद्र:-रविवार को घोरावल कोतवाली क्षेत्र के हरैया पहाड़ी पर हुई सड़क दुर्घटना हादसे में एक युवक की मौत हुई वही चार लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिर्जापुर घोरावल मार्ग पर घोरावल कोतवाली क्षेत्र के हड़हिया पहाड़ी पर रविवार की सुबह दो बाइकों की टक्कर हो गई जिसमें एक बाइक पर सवार जयकुमार (35) पुत्र रघुनाथ की मौत हो गई।
वही इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठे मृतक के भाई बाबूलाल (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार खगिया गांव निवासीगण विकास (25) पुत्र दयाशंकर तथा सुरेश कुमार (20) पुत्र बेचन व पड़वनिया निवासी विजय (27) घायल हो गए। विजय को मामूली खरोच आई। जय कुमार अपने छोटे भाई बाबूलाल के साथ घोड़ाचुआ गांव से घोरावल की तरफ बाइक से जा रहे थे। वहीं हादसे में घायल दूसरे बाइक पर सवार सुरेश कुमार ने बताया कि वह अपने पड़ोसी खगिया निवासी विकास पुत्र दयाशंकर व पड़वनिया निवासी विजय के साथ बाइक से गुरुदेव नगर कलवारी जा रहा था। उसी दौरान हड़हिया पहाड़ी के पास दोनों बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, चौकी प्रभारी वंश नारायण राय घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना में जय कुमार को अचेतावस्था में अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सुरेश, विकास व बाबूलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बाबूलाल की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरो ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतक जय कुमार चार भाइयों में सबसे बड़ा बताया गया। जयकुमार के कुल पांच बच्चे हैं। उसकी पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी हुई थी। अभी एक बच्चा माँ के गोद में ही है। स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। रघुनाथ की बूढ़ी आंखें अपने मृतक पुत्र को आंसुओं में डूब कर एक टक निहारती रही और आंसू बहते रहे। करुण कुंदन से अस्पताल परिसर गमगीन हो उठा।

