7 दिन के अंदर दूसरी घटना,चुर्क चौकी क्षेत्र मे 6 सितम्बर को हुई थी घटना
सोनभद्र:-सदर चौकी क्षेत्र के वार्ड नं. पांच में सोमवार की दोपहर दो टप्पेबाज युवक एक महिला से बर्तन व सोने-चांदी के जेवर साफ करने के बहाने सोने की चेन व कान का टप्स लेकर फरार हो गए। टप्पेबाजों की तस्वीर जाते समय एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरे में दो युवक लाल रंग की बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में मामले की तहरीर दी है।
राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नं.पांच पसियान मोहाल निवासी ज्ञानवती देवी ने बताया कि सोमवार की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक उनके घर पहुंचे और बोले कि हम आपके तांबे और पीतल के बर्तन के दाग को साफ कर देंगे। इस पर उन्होंने दोनों को पीतल और तांबे के कुछ बर्तन साफ करने के लिए दिए। युवकों ने बर्तन को साफ कर चमकाने के बाद लौटा दिया। इसके बाद युवकों ने कहा कि बर्तन चमकाने के बाद कुछ पाउडर बचा है इसमें गले की चेन व कान का टप्स भी चमका देंगे। इस पर उन्होंने पहना हुआ चेन व टप्स उतारकर दे दिया। युवकों ने दोनों जेवर को उस बर्तन में पाउडर के साथ डाल दिया और पानी गरम करके लाने को कहा। ज्ञानवती ने बताया कि वह पानी गरम करने के लिए घर के अंदर चली गई। कुछ देर बाद जब गरम पानी लेकर आई तो देखा दोनों युवक वहां से गायब थे पर बर्तन वहीं रखा था। इस पर उन्होंने बर्तन की जांच की तो उसमें उनके जेवर नहीं थे। इसके बाद ज्ञानवती ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जाते समय दोनों युवकों की तस्वीर एक दुकान के सीसीटी वी कैमरे में कैद हो गई है। राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीर के आधार दोनों टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

