एम, एस, हशन,
रेणुकूट /सोनभद्र।
नगर निकाय क्षेत्रों में सड़क पटरियों से अतिक्रमण हटाए जाने के शासनादेश के बाद कमर कस चुके नगर पंचायत रेणुकूट प्रशासन ने सार्वजानिक घोषणा के बाद अतिक्रमण हटाए जाने हेतु सार्थक रणनीति बनाने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी दुद्धी के नेतृत्व में नगर पंचायत रेणुकूट के सभी सभासदों, व्यापार मंडल के सदस्यों,और नगर के प्रतिनिधियों की एक बैठक नगर पंचायत रेणुकूट कार्यालय मेंआहूत की गई। बैठक में शासन की मंशानुरूप सड़क की पटरियों को कब्ज़ा मुक्त कराने के मुद्दे पर वार्ता की गई। बैठक में उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र मिश्रा ने कहा की सड़क के दोनो पटरियों पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को किसी भी दशा में हटाया जाएगा। स्ट्रीट वेंडरों के संबंध में उन्होंने कहा कि वेंडरों के लिए अलग स्थान चिन्हित किया जाएगा जहां उन्हें नियोजित किया जाएगा, इसके अतिरिक्त सड़क के किनारे पटरियों पर खड़े होने वाले वाहनों से होने वाली असुविधाओं को लेकर भी उपजिलाधिकारी सख्त दिखे
और चेताया कि ऐसे वाहनों को सीज करने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। अधिशासी अधिकारी डॉ अनिता शुक्ला ने कहा कि किसी भी अप्रिय कार्यवाही से बचने के लिए ऐसे लोग जिन्होंने पटरियों पर अतिक्रमण किया है वे स्वयं ही कब्ज़ा हटा कर नगर प्रशासन का सहयोग करें अन्यथा कार्यवाही के दौरान कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। इस अवसर पर इंस्पेक्टर पिपरी अजय सिंह, नगर पंचायत रेणुकूट के सभासद रमलू चौधरी, विजय लक्ष्मी, नौसाद, उमेश गुप्ता, राज वर्मा , व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सैयद अली , अमरेन्द्र सिंह, डबलू सिंह के अतिरिक्त तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

