वली अहमद सिद्दीकी,
अनपरा, सोनभद्र आज डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल,परासी में सत्र 2021-22 के कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि महाप्रबंधक, ककरी परियोजना श्री विष्णु कुमार अग्रवाल एवं अध्यक्षा, महिला मंडल ककरी परियोजना, श्रीमती सुनीता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस खास मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मंडल ककरी परियोजना की सभी सदस्यों के साथ श्रीमती उदिता श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं। इस समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि के साथ अन्य विशिष्ट अतिथि गणों का साभार स्वागत करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष कुमार श्रीवास्तव ने न केवल दसवीं के छात्रों के मंगलमयी भविष्य की कामना की बल्कि उन्हें आगामी सी.बी.एस.ई बोर्ड की परीक्षा में उत्तमोत्तम अंक अर्जित करके अपने माता पिता के साथ विद्यालय परिवार का नाम रोशन करने को कृत संकल्पित होने को कहा। इस हर्ष और विषाद की मिश्रित बेला में नवीं और दसवीं के छात्रों ने सुश्री कामिनी सिंह, श्रीमती अनीता सिंह,श्रीमती मंजू पांडेय एवं डॉ.गौरव मिश्र द्वारा निर्देशित विदाई पर आधारित समूह नृत्य गीतों से ऐसी संगीतमय छटा बिखेरी कि मुख्य अतिथि के साथ सभी दर्शक भाव-विभोर हो उठे। तत्पश्चात विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी अपने आशीर्वचन स्वरूप बच्चों को संबोधित किया। इस क्रम में श्रीमती सुनीता घोष और शिखा मिश्रा के निर्देशन में बौद्धिक परीक्षण और सजगता पर आधारित दो मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएँ भी प्रतिभागियों के लिए आयोजित की गईं,जिसमें उन्होंने सहर्ष भाग लेकर अपनी दक्षता प्रदर्शित की एवं पुरस्कार भी बटोरे । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक महोदय को विद्यालय के प्राचार्य ने एवं अध्यक्षा,महिला मंडल को विशिष्ट अतिथि उदिता श्रीवास्तव ने डी ए वी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया । तत्पश्चात अपनी विदाई समारोह में उपस्थित कक्षा दसवीं के सभी छात्र-छात्राओं को विद्यालय की तरफ़ से मुख्य अतिथि एवं महिला मंडल अध्यक्षा के साथ-साथ उनके सभी सम्मनित सदस्यों के हाथों पुरस्कार स्वरूप स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक ककरी परियोजना श्री विष्णु कुमार अग्रवाल ने बोर्ड परीक्षा के बच्चों को अपने प्रेरक प्रसंगों से उत्साहित करते हुए उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके अपने जीवन को सफलता के उच्चतम शिखर तक ले जाने को प्रेरित किया। इस समारोह के समापन में भव्य आयोजन की सफलता हेतु प्राचार्य ने प्रधान लिपिक कार्मिक,ककरी परियोजना श्री राम प्रकाश पांडेय जी के उनके विशेष सहयोग के लिए आभार प्रकट करते हुए अपने शिक्षण व शिक्षणेतर कर्मचारियों की न केवल भूरि भूरि प्रशंसा की बल्कि भविष्य में भी इस तरह की टीम भावना के प्रदर्शन की उम्मीद जताई। इस समारोह के सफल क्रियान्वयन में सर्वश्री कर्ण देव सिंह,कमल जी सिंह और महेंद्र यादव ने मुख्य भूमिका निभाई। समारोह का संचालन श्री शिशिर श्रीवास्तव ने किया।
प्राचार्य

