वली अहमद सिद्दीकी/विक्रम सिंह)
अनपरा सोनभद्र,आज अनपरा की सरजमीं झंडे व अबीर गुलाल से केसरिया रंग में रंग गई। सड़क पर आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। संख्या इतनी कि कैमरे कैद ही नहीं कर पाए तथा झांकियां इतनी कि गिनते गिनते आंखें थक गईं।
क्या बूढ़े, क्या युवक व क्या बच्चे सभी ने भारी उत्साह के साथ जुलूस में सहभागिता की। जुलूस में शामिल होने की उमंग यह रही कि बाजारों में दुकानों में सन्नाटा पसर गया मानों संपूर्ण परिक्षेत्र जुलूस का हिस्सा बन गया हो।
वाद्य यंत्रों व श्रद्धालुओं द्वारा लगाये जा रहे जय श्रीराम झांकिया,डीजे साथ मे थिरकता जन सैलाब। जय जय भवानी जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए लोगों ने बुढ़वा मंगल के दिन निकलने वाले इस महावीरी झंडा जूलूस को ऐतिहासिक बना दिया।
पूरा परिक्षेत्र महावीरी झंडे से पट गया। अनपरा बाजार के सोनारी गली में स्थित दुर्गा मंदिर सहित दस अन्य देवी मंदिरों से एक साथ निकले जूलूस में शामिल हजारों श्रद्धालु रहे शामिल। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह तथा उमंग देखने लायक था। झांकियों में कहीं भगवान शिव तांडव नृत्य कर रहे थे तो कहीं भगवान राम की वानरी सेना के विभिन्न पात्र अनेकों अस्त्र शस्त्र से अपना शक्ति परीक्षण कर रहे थे।
अनपरा बाजार से निकले जूलूस पर गलियों तथा सड़कों से फूल बरसाये जा रहे थे। जूलूस अनपरा कालोनी शिव मंदिर से होते हुए काशीमोड़ तथा औड़ी मोड़ होता हुआ गुजरा। जगह जगह पे सभी लोगों के जलपान तथा भोजन की व्यवस्था थी। इसके बाद जूलूस अनपरा मोड़, रेणुसागर, ककरी होते हुए फिर से काशी मोड़ पर आकर समाप्त हुआ।

