रेणुकूट/सोनभद्र।
रेणुकूट स्थित हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड में नये लोकोमोटिव इंजन का शुभारंभ किया गया। हिण्डाल्को के मुखिया एन. नागेश ने विधिवत पूजा-अर्चना कर इंजन को हरी झंडी दी।

हिण्डाल्को के बेड़े में नये इंजन के शामिल हो जाने से इसकी उत्पादन क्षमता में इजाफा होगा साथ ही वैगन शंटिंग भी पहले से बेहतर एवं सुचारू रूप से हो सकेगी।

इस मौके पर संस्थान के मुखिया श्री एन. नागेश ने बताया कि हिण्डाल्को की उत्पादन क्षमता को बढ़ाने एवं माल की ढ़ुलाई में तेजी लाने के उद्देश्य से कंपनी द्वारा 800 हार्सपॉवर दक्षता के लोकोमोटिव इंजन को खरीदा गया है। उच्च दक्षता वाले इस इंजन के माध्यम से 12 से 15 वैगन शंटिंग होगी जिससे सम्बंधित विभागों को माल की आपूर्ति पहले से अधिक मात्रा में एवं त्वरित रूप से हो सकेगी।
गौरतलब है कि बीते साल भी हिण्डाल्को द्वारा 800 हार्सपॉवर दक्षता के एक नये इंजन को खरीदा गया था जिसका सीधा सकारात्मक प्रभाव उत्पादन क्षमता में देखा जा सकता है। इस अवसर पर हिण्डाल्को एच.आर. हेड जसबीर सिंह एवं एल्युमिना प्लांट के हेड एन. एन. राय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

