वली अहमद सिद्दीकी,,
शक्तिनगर,,सोंनभद्र,
संत जोसेफ स्कूल, शक्तिनगर के प्रांगण में 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सिल्वर जुबिलेरियन शिक्षक डेविस पी पी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर आर्चीबाल्ड डिसिल्वा एवं शिक्षिका सिस्टर ग्रेसी के साथ ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रगान द्वारा राष्ट्रध्वज तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के उपरांत छात्रा अद्रिजा घोष ने अपने ओजस्वी भाषण द्वारा वीर बलिदानी स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया, जिनके त्याग के परिणामस्वरूप आज हम स्वतंत्र भारत में आजादी का जश्न मना रहे हैं। कार्यक्रम की अग्रिम रूपरेखा में छात्रों क्वीना, मालविका, अक्षत, परीक्षित, एरन तथा स्निग्धा द्वारा शौर्यगाथा के प्रतीक के रूप में सामूहिकगान के माध्यम से सभामंडल को रोमांचित किया गया।
मुख्य अतिथि डेविस पी पी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज के इस प्रगतिशील भारत में जो हम सुकून से जीवन-यापन कर रहे हैं और वैज्ञानिक युग में प्रगति पथ पर अग्रसर हो रहे हैं इसके लिए हमें उन वीर सपूतों के प्रति श्रद्धासुमन व आभार ज्ञापित करना चाहिए। प्रधानाचार्य फादर आर्चीबाल्ड डिसिल्वा ने अपने आशीर्वचन से अभिसिंचित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस मात्र एक दिन विशेष का पर्व नहीं है, अपितु हम सबके लिए संदेश है कि यदि हम संपूर्ण निष्ठा व त्याग से अपने कर्तव्यों का निर्वहण करेंगे
तभी हमें इतने संघर्षों के पश्चात् प्राप्त आजादी का वास्तविक आनंद मिल सकेगा। हमें यह दृढ़-संकल्प लेना है कि हम सदैव मानवीय-मूल्यों को सर्वोपरि रखेंगे तथा सुयोग्य नागरिक बनकर राष्ट्रनिर्माण में अपना योगदान देंगे।
विद्यालय में कोविड की विपरीत परिस्थियों में छात्रों द्वारा ऑनलाइन असेंबली का भी आयोजन किया गया। बारहवीं ‘ब’ वर्ग के सीनियर छात्रों सुष्मिता, अक्षिता, एंजलीना, शिखा, अनुष्का, प्रीती, आदित्य, अर्पित, स्नेहल, आयुष, दिव्यांश आदि ने शिक्षक डेविस पीपी व मृत्युंजय सिंह के निर्देशन में तथा जूनियर वर्ग से पाँचवीं ‘ब’ के छात्रों श्रीनंदा, अनमोल, रौनक, आप्तिका, निकिताशा, मयूरी, मिहिरा, आरोही, अल्का, आद्या, रिधिमा, लावण्या, यश्वी ने शिक्षिका सुजा व रागिनी पाठक, सी एस जोशी, एंथॉनी लंगन के निर्देशन में संपन्न हुई।
विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम का संचालन डॉ० योगेंद्र तिवारी के निर्देशन में सौम्या तथा जय झा ने किया एवं शिक्षक अशोक सिंह ने ध्वजारोहण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जेम्स राल्फ ने अपने देशभक्ति के नारे लगाकर सभा को जोश से भर दिया। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक तथा शिक्षणेतर कर्मचारियों सहित कक्षा 9 से 12 के छात्र भी उपस्थित रहे।

