वेतन भुगतान एवं छंटनी के विरोध में मजदूरों ने एनटीपीसी को सौंपा ज्ञापन

---Advertisement---

 

उमेश सागर संवादाता

16 अगस्त तक मांग नहीं हुई पूरी तो 17 अगस्त को करेंगे सत्याग्रह : यूपीपीएल मजदूर।

शक्तिनगर। एनटीपीसी में कार्यरत संविदाकार कंपनी बीएचईएल की उपसंविदाकार कंपनी यूनिफाइड पावर प्राइवेट (यूपीपीएल) द्वारा मजदूरों का ईपीएफ व वेतन भुगतान ना करने एवं वैध्य गेट पास होने के बावजूद सौ मजदूरों का छंटनी करने के विरोध में मजदूरों ने जनता मजदूर संघ के बैनर तले शुक्रवार को प्लांट बीएचईएल गेट पर एनटीपीसी कार्मिक अधिकारी पुरुषोत्तम लाल को ज्ञापन दिया। मजदूरों ने मांग किया कि यदि 16 अगस्त तक वेतन भुगतान व छंटनी पर कोई ठोस निर्णय नहीं आता है तो 17 अगस्त को अनिश्चितकालीन सत्याग्रह होगा।

यूनिफाइड पावर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कार्यरत मजदूरों का ईपीएफ एवं जून महीने का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। जब मजदूरों ने वेतन भुगतान का मांग किया तो कंपनी ने वैद्य गेट पास होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के मजदूरों को प्लांट से बाहर कर दिया और वेतन भुगतान करने में असमर्थता जाहिर किया। जिसके बाद विगत लगभग 20 दिनों से मजदूर वेतन भुगतान के लिए एनटीपीसी प्रबंधन से गुहार लगा रहे हैं लेकिन सुनवाई की आस ना होने पर शुक्रवार को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से रौशन श्रीवास्तव, सुनील सिंह, राजन यादव, श्रुति सिंह, कृष्णा सिंह, अभय कुशवाहा, सतीश सिंह, रामसुभग, लाला सिंह, सारिका श्रीवास्तव आदि सहित भारी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।

यूनिफाइड पावर प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत मजदूर सतीश चंद्र तिवारी ने बताया कि कंपनी द्वारा हमेशा मजदूरों के वेतन भुगतान में लेटलतीफी बरता जाता है। हर तीन चार महीने पर जब मजदूर प्रदर्शन करते हैं तभी कंपनी प्रबंधन द्वारा वेतन भुगतान की सुगबुगाहट शुरू होती है। कोरोना महामारी का बहाना बनाकर हम मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। यदि कंपनी प्रबंधन द्वारा 16 अगस्त तक हमारी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है तो 17 अगस्त से हम अनिश्चितकालीन सत्याग्रह करने पर विवश होंगे।

जनता मजदूर संघ जोनल सचिव छट्ठू सिंह ने कहा कि केंद्रीय श्रम कानूनों का उल्लंघन करते हुए बिना नोटिस के सौ मजदूरों का छंटनी करना निंदनीय है। एनटीपीसी प्रबंधन को मजदूरों का वेतन भुगतान संबंधी जरूरी निर्णय लेना चाहिए और अपने आसपास के मजदूर बस्तियों के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। यदि तत्काल रुप से मजदूरों के हित में फैसला नहीं लिया जाता है तो भूख हड़ताल ही विकल्प है और इसकी पूर्ण जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

एनटीपीसी कार्मिक अधिकारी पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि यूपीपीएल के मजदूरों का बकाया वेतन भुगतान एनटीपीसी द्वारा आगामी बुधवार तक कर दिया जाएगा और छंटनी व बकाया भुगतान के संबंध में मजदूर प्रतिनिधियों के साथ 16 अगस्त को बैठक कर निर्णय किया जाएगा। एनटीपीसी अंतर्गत कार्यरत संविदाकार कंपनी बीएचईएल पर उच्च अधिकारियों से विचार कर कार्रवाई किया जाएगा।एनटीपीसी पूरी तरह से मजदूरों के हित में कार्य करने वाली संस्था है।

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment