रेणुकूट/सोनभद्र। हिण्डाल्को रेणुकूट एंव रेनुसागर में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का आयोजन 14 से 20 दिसंबर 2020 के मध्य किया गया था। इसके अंतर्गत कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन स्लोगन प्रतियोगिता, स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं गृहणियों के लिए एनर्जी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी विजेताओं को हिण्डाल्को रेणुकूट क्लस्टर के मुखिया एन. नागेश द्वारा पुरस्कृत किया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता में आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, आदित्य बिड़ला इंटरमीडियट कॉलेज एवं निर्मला कॉन्वेंट हाईस्कूल के कुल 30 बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
इसी क्रम में 5 कर्मचारियों को ऑनलाइन स्लोगन प्रतियोगिता, 10 गृहणियों को एनर्जी क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया गया।
इस मौके पर श्री नागेश ने पुरस्कार प्राप्त विजेताओं को प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने पर बधाई दी एवं भविष्य में भी इसी प्रकार से ऊर्जा संरक्षण को लेकर सतर्क रहने एवं औरों को भी जागरुक करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में इंडस्ट्रियल इंजानियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों, समन्वयकों, स्कूल के प्रधानाचार्यों एवं अध्यापकों को धन्यवाद दिया। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु दीना जायसवाल एवं राजीव सिंह को बधाई दी।

