सेराजुल हुदा
दुद्धी / सोनभद्र। स्थानीय तहसील मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी के नेता नीरेन्द्र सिंह गोड़ ने अपने पार्टी के जिला स्तरीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं सहित विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को तहसील मुख्यालय पहुंच कर आदिवासियों के हित को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन पत्र तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन से पुर्व आदिवासी समाज के कार्यकर्ताओं का बड़ा जुलूस डीसीएफ कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन से निकाला गया, जिसमें भावी प्रत्याशी नीरेंद्र प्रताप सिंह गौड़ प्रमुख रूप से शामिल रहे। जुलूस नगर भ्रमण करते हुए दुद्धी तहसील पहुंच कर तहसीदार अंजनी गुप्ता को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित एक व्यापक ज्ञापन पत्र सौंपा।
ज्ञापन में सोनभद्र के आदिवासी समुदाय की संवैधानिक एवं सामाजिक मांगों को प्रमुखता से रखा गया। ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि सोनभद्र जिले को अविलंब संविधान की 5वीं अनुसूची के अंतर्गत घोषित किया जाए तथा विशेष जनजातीय और जनजातीय सलाहकार परिषद (टी.ए.सी.) का पूर्ण रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अनुसूचित जनजाति घटक (एस.टी.सी) की राशि का शत प्रतिशत उपयोग और पिछले वर्ष के बजटीय उपयोग की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में वनाधिकार अधिनियम (एफआरए 2006) के तहत लंबित व्यक्तिगत और सामूहिक दावों का शीघ्र निपटान, भूमि-विवादों के त्वरित निपटान हेतु विशेष न्यायिक व्यवस्था (एसएआर कोर्ट जैसे प्रावधान) की माँग भी शामिल थी। शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय जनजातीय भाषा में शिक्षा देने, जिले में अधिक माध्यमिक विद्यालय तथा एक केंद्रीय/राज्य स्तरीय आदिवासी विश्वविद्यालय खोलने की भी मांग रखी गई।
स्थानीय कृषि और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए प्रतिनिधिमंडल ने सोनभद्र में उपयुक्त कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना और जैविक व जलवायु अनुकूल फसलों के प्रोत्साहन का आग्रह किया। औद्योगिक विस्तार से होने वाले विस्थापन को रोकने, स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता देने, सीएसआर बजट का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने और अवैध खनन तथा प्रदूषण के मामलों में एनजीटी स्तर पर समीक्षा करने की भी सिफारिश की गई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ,सपा विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ,मानसिंह ,सुनील गोड़, फूलवती गोड़ (अध्यक्ष नगर पंचायत डाला) तथा कमलेश कुमार, रामनारायण बभनी, नंदू कुमार बभनी, अयोध्या, राजेंद्र सिंह, बीगन राम गोड़ बघाडू, रामअजौर सहित बड़ी संख्या मे सपा कार्यकता मौजूद रहे।

