श्रावण मेला व चेहल्लुम को लेकर कोन थाने में हुई पीस कमेटी की मीटिंग

---Advertisement---

 

कोन संवाददाता(जयदीप गुप्ता)। आगामी श्रावण मेला एवं चेहल्लुम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार की शाम कोन थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने की। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया तथा त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने की बात कही।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सभी प्रकार की मांस एवं मछली की दुकानें प्रतिबंधित रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन-प्रशासन के निर्देशों का सभी को पालन करना होगा तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दूसरे समुदाय के लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिस परंपरा एवं रीति-रिवाज के अनुसार पूर्व से त्योहार मनाए जाते रहे हैं, उसी परंपरा का पालन किया जाए और उसमें किसी प्रकार का परिवर्तन न किया जाए। साथ ही सभी से आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के सभी मार्गों की साफ-सफाई समय रहते सुनिश्चित कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं,कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों से आगामी सभी पर्वों को शांति,सौहार्द पूर्ण और आपसी सहयोग के साथ मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान करईल शोभनाथ गुप्ता, देवाटन प्रधान बसिऊल हसन, चेरवाडीह प्रधान शारदा पासवान, कचनरवा प्रधान राजनारायण, श्यामराज गुप्ता, शमीम सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment