*सरफुद्दीन संवाददाता सलखन*
सलखन सोनभद्र।चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में सोमवार रात रुक-रुककर हुई बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। इससे पहाड़ का मलबा वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर आ गिरा, जिससे सोमवार की रात कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।यात्रियों और बड़े वाहनों को जान-माल की सुरक्षा के मद्देनजर रात में कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद कुछ वाहन पुराने रास्ते से गुजरने लगे।घटना के बारह घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर टोल टैक्स वसूलने वाली कंपनी एसीपी टोलवेज प्राइवेट लिमिटेड ने सड़क पर बिखरे मलबे को हटाने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। इस लापरवाही के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी इसी तरह बारिश के दौरान पहाड़ का मलबा सड़क पर आ गिरा था, जिसके कारण पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा था।

