कोन संवाददाता (जयदीप गुप्ता)।कोन थाने में तैनात आरक्षी(सिपाही) रामभवन कुशवाहा का उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) पद पर चयन होने तथा हेड कांस्टेबल त्रिभुवन चंद्र को पदोन्नति मिलने पर पूरे थाना परिसर में उत्साह का माहौल रहा। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने दोनों पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मूल रूप से देवरिया जनपद के निवासी रामभवन कुशवाहा पिछले लगभग दो वर्षों से कोन थाने में आरक्षी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने पुलिस की नियमित ड्यूटी के साथ-साथ कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अध्ययन जारी रखा। उनकी इसी लगन और मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की सीधी भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण कर उपनिरीक्षक(दरोगा) पद पर सफलता प्राप्त की। उनके चयन की सूचना मिलते ही थाना परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने रामभवन कुशवाहा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता पुलिस विभाग के अन्य जवानों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामभवन अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ करेंगे। इस अवसर पर थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धि को पूरे थाना परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
इसी दौरान कोन थाने में तैनात हेड कांस्टेबल त्रिभुवन चंद्र को उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने उन्हें स्टार पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

