सेराजुल हुदा
दुद्धी /सोनभद्र । प्रगति फाउंडेशन के अध्यक्ष स्थानीय कस्बा निवासी विकास अग्रहरि को पथ प्रदर्शक के संयुक्त तत्वावधान मे सासाराम (बिहार )मे आयोजित अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ-2 के समापन समारोह मे विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह समारोह पथ प्रदर्शक के संस्थापक बामेन्द्र कुमार के पिता की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था और इसमें रक्तदान के फायदों तथा रक्तदान से जुड़ी मिथकों और भ्रांतियों पर व्यापक चर्चा हुई।
सम्मेलन में नेपाल और भूटान सहित देश के 23 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सीआईडी के निदेशक विपिन कुमार चौधरी उपस्थित रहे जो अब तक 53 बार रक्तदान कर चुके हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचयू हॉस्पिटल, वाराणसी के इंचार्ज डॉ. आशुतोष कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
समापन समारोह 5 जुलाई को हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विकास अग्रहरि ने बताया कि जो सम्मान मुझे मिला है यह पूरे क्षेत्र वासियों को समर्पित है।

