अनपरा/ सोनभद्र l जिले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के अंतर्गत अनपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ (मुड़ीसेमर) मे लाखो रूपये का निर्माणाधीन पुलिया का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े होने से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सूरज भारती, राजेश, विनोद, छोटू, रेखा देवी, कुरुल, राहुल, आदि का कहना है कि मुड़ी सेमर और ममुआर की हज़ारों की संख्या के ग्रामीण इस पुलिया निर्माण कार्य अधूरा रहने से प्रभावित है जिनका बरसात के मौसम मे शहर से आवागमन बाधित हो जायेगा l उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही से नाराज नागरिकों ने सोमवार को
विरोध प्रदर्शन करते हुए पीडब्लूडी के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया और जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। नागरिकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस सम्बन्ध मे अधिशाषी अभियंता एस के सिंह ने कहा ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी l

