महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा, सम्मान और सहायता की नई पहचान ।।
बीजपुर (सोनभद्र) बग्गा सिंह उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को बीजपुर थाना परिसर में ‘मिशन शक्ति केंद्र’ भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने विधिवत भूमि पूजन एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। केंद्र के माध्यम से उन्हें त्वरित सहायता, कानूनी परामर्श, सुरक्षा संबंधी सहयोग तथा अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक सुरक्षित और सहज वातावरण उपलब्ध होगा। इससे महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकेंगी और उन्हें आवश्यक सहायता समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति केंद्र महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है, जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के लॉ ऑफिसर प्रदीप कुमार, प्रबंधक पवन कुमार मिश्रा, राजेंद्र शाह, मुकेश कुमार, पवन दुबे, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, महिला आरक्षी प्रियंका एवं निहारिका पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा तथा उपस्थित लोगों ने मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए एक सराहनीय एवं दूरगामी पहल बताया।

