रेशमा खानम,,बीना सोनभद्र। थाना शक्तिनगर परिक्षेत्र के अंतर्गत एनसीएल बीना परियोजना के अस्पताल में एम्बुलेंस को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों पर अस्पताल कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा है। इस मामले में शक्तिनगर थाना में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनसीएल महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से नरेंद्र कुमार वरिष्ठ निरीक्षक (सुरक्षा) एन सी एल बीना परियोजना थाना शक्तिनगर को भेजे गए पत्र में बताया गया कि 14 जून 2026 को चंद्रुआर निवासी वीरवल साहनी पुत्र राजनैन साहनी को उपचार के लिए अटल अस्पताल,एनसीएल बीना लाया गया था। बताया गया कि मरीज शराब के नशे में था। अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार और आवश्यक जांच के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार उस समय तत्काल एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इस संबंध में मौजूद लोगों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से वाहन उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर राजन भारती, चंदन भारती, ओम नारायण भारती, विजय कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों ने अस्पताल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपितों ने अस्पताल कर्मियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा कर्मचारियों को भयभीत किया। इससे अस्पताल की नियमित व्यवस्था प्रभावित हुई और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया।
इसके अलावा 15 जून 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे फिर से कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर दिया। आरोप है कि इस कारण मरीजों और अन्य लोगों के आवागमन में परेशानी हुई तथा अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हुईं। अस्पताल प्रशासन ने इसे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना बताया है।
एनसीएल बीना परियोजना के सुरक्षा प्रभारी नरेंद्र कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर शक्तिनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव को मामले की जांच सौंपी है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

