*मंत्री के जनता दरबार में गूंजी कुलडोमरी के लेखपाल की शिकायत*

---Advertisement---

*लोगों ने लगाया पैसे लेकर काम करने का आरोप*

रेशमा खानम,,अनपरा, सोनभद्र।
अनपरा दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजय सिंह गौड़ के जनता दरबार में कुलडोमरी क्षेत्र के लेखपाल के खिलाफ शिकायतों की गूंज सुनाई दी। क्षेत्र के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में कुलडोमरी क्षेत्र के डिबुलगंज से पहुंचे व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल सहित दर्जनों ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के लेखपाल राकेश बैसवार आम जनता से निवास, जाति, आय प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पैसे की मांग करते हैं। लोगों का कहना था कि जो व्यक्ति पैसे नहीं देता, उसका आवेदन किसी न किसी कारण से निरस्त कर दिया जाता है, जबकि पैसे देने वालों का कार्य आसानी से पूरा कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार लोगों को जानबूझकर दोबारा फार्म भरवाया जाता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। शिकायतकर्ताओं ने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लेखपाल की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
जनता दरबार में मौजूद लोगों ने बताया कि पहले भी भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों द्वारा लेखपाल की शिकायत की गई थी, जिसके बाद उनका स्थानांतरण दूसरे क्षेत्र में कर दिया गया था। लेकिन कुछ महीनों बाद उन्होंने पूर्व विधायक का करीबी रिश्तेदार होने का हवाला देते हुए पुनः कुलडोमरी क्षेत्र में ही तैनाती करा ली। इस बात को लेकर भी लोगों में काफी आक्रोश दिखाई दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य मंत्री ने तत्काल पूर्व विधायक से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान मंत्री ने उन्हें क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों से अवगत कराया। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि चुनाव का समय नजदीक है और यदि ऐसी शिकायतें लगातार आती रहीं तो इसका असर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की छवि पर पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार मंत्री ने पूर्व विधायक से यह भी आग्रह किया कि यदि लेखपाल द्वारा किसी से अवैध रूप से पैसे लिए गए हैं तो उन्हें वापस कराने में सहयोग किया जाए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे और पार्टी की छवि धूमिल होने से बच सके।
जनता दरबार में मौजूद लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और निष्पक्ष जांच की मांग की। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता की शिकायतों की अनदेखी नहीं होगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

वली अहमद सिद्दीकी (प्रधान संपादक)

वली अहमद सिद्दीकी एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार हैं और वर्तमान में crimejasoos.news के प्रधान संपादक हैं। उन्होंने पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक समय बिताया है और राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचारों को कवर किया है। वे राजनीति और क्षेत्रीय रिपोर्टिंग, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र में, के विशेषज्ञ हैं।
For Feedback - Feedback@crimejasoos.news

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment