कोन (जयदीप गुप्ता)। कोन थाना क्षेत्र के हरा ग्राम पंचायत अंतर्गत सोनझर टोला के समीप मंगलवार दोपहर सोन नदी में नहाने गए दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा देर रात तक दोनों किशोरों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार पवन कुमार (14 वर्ष) पुत्र मुखलाल निवासी नैकाहा थाना कोन अपने मामा के घर रोगही गांव आया हुआ था। वहीं कृष्णा निषाद (13वर्ष) पुत्र अरविंद निषाद निवासी रोगही उसका ममेरा-फुफेरा भाई था। दोनों मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सोनझर टोला के पास सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों किशोर नदी की गहराई में समा चुके थे। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं ओबरा के उपजिलाधिकारी विवेक कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर तलाश अभियान की निगरानी की।
ग्रामीणों और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई घंटों तक नदी में खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद शाम करीब छह बजे चोपन से पांच गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने भी देर रात तक अभियान चलाया, लेकिन देर रात बजे तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे। पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

