सेराजुल हुदा
विंढमगंज /सोनभद्र। आज शनिवार की शाम स्थानीय थाना क्षेत्र के धूमा ग्राम पंचायत स्थित देवी धाम के समीप एक विवाहिता ने कथित रूप से कुएं मे कूदकर अपनी जान दे दी। जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पूजा देवी (25 वर्ष), पत्नी अर्जुन गोंड, निवासी धूमा ग्राम पंचायत के रूप मे हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 3.50 बजे पति-पत्नी के बीच मोबाइल फोन को लेकर आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद पूजा देवी घर से निकलकर देवी धाम के बगल स्थित सरकारी कुएं के पास पहुंचीं और कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय, हेड कांस्टेबल महफूज अली एवं हेड कांस्टेबल सियाराम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। कुएं मे लगभग 25 फीट गहरा पानी होने के कारण शव को बाहर निकालने मे काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला जा सका।
बताया गया कि मृतका का मायका केवाल, थाना विंढमगंज क्षेत्र में है। मृतका के पिता भीम सिंह तथा भाई रामलाल भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से परिवार मे मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कर शव को अपने कब्जे मे लेकर अग्रिम कार्यावाही मे जुट गई है।

