मझिआंव।गढ़वा।
नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या चार ग्राम गहिड़ी में बीती रात्रि कोयल नदी किनारे स्थित बांस के झुरमुट में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे चार से पांच किसानों का लाखों रुपये मूल्य का बांस जलकर राख हो गया। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें करीब दो सौ फीट तक उठ रही थीं, जिसके कारण कोई भी व्यक्ति पास जाकर आग बुझाने का साहस नहीं जुटा सका।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण लोग दूर से ही जलते बांस को देखते रहे। आग लगने के समय नदी किनारे सिंचाई के लिए लगाए गए इलेक्ट्रिक मोटर, तार और पाइप भी खतरे में आ गए थे, जिन्हें किसानों ने किसी तरह सुरक्षित स्थान पर हटा लिया।
पीड़ित किसानों का कहना है कि यह आग किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर लगाई गई है, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना से प्रभावित किसानों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

