सत्यपाल सिंह,,म्योरपुर (सोनभद्र)। बभनी थाना क्षेत्र के नधीरा गांव में मंगलवार तड़के ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार धरम (35), लोकमन (33), अजय (34) और आरके कुमार (35) निवासी डोडहर थाना बीजपुर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार चंपा देवी (30) निवासी नधीरा भी हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गईं। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में भर्ती कराया गया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए बाइक सवार चारों युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही धरम की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों ने बताया कि चारों युवक परनी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नधीरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उनकी टक्कर हो गई। वहीं घायल महिला चंपा देवी जरहा से अपने घर नधीरा लौट रही थीं।
बताया गया कि ऑटो में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेमो के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

