शक्तिनगर/सोनभद्र,,,एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर में स्थित संत जोसेफ स्कूल में सीबीएसई प्रयागराज के उत्कृष्टता केंद्र द्वारा स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस विषय पर 17 एवं 18 अप्रैल को द्विदिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया जिसमें रिसोर्स पर्सन के रूप में वाराणसी से पधारे प्रधानाचार्य डॉ0 अंबिका प्रसाद गौड़ तथा डॉ0 अनूप कुमार ने दो दिन के विभिन्न सत्रों के अंतर्गत अनेक गतिविधियों एवं खेलों के माध्यम से शिक्षकों को अत्यंत ही रोचक शैली में प्रभावपूर्ण ढंग से आधुनिक शिक्षण शैलियों तथा तकनीकियों से अवगत कराया, जिसमें शिक्षकों का उत्साह भी सराहनीय रहा। नई शिक्षा नीति तथा एनसीएफ के अंतर्गत हो रहे बदलावों पर भी विशद व्याख्यान हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया साथ ही कक्षा 3 के छात्रों ने स्वागत नृत्य की प्रस्तुति से अतिथिगण का अभिनंदन किया। कार्यशाला में शिक्षकों को स्वास्थ्य शिक्षा की जानकारियों से अवगत कराने के साथ ही विद्यार्थियों को इससे किस प्रकार से लाभान्वित कराया जा सकता है इस बारे में भी प्रकाश डाला गया। विद्यालय के शिक्षक बीजू वर्गीस ने स्वागत भाषण तो धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक विमल शर्मा ने दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सिस्टर सोफिया ने किया । कार्यक्रम में अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ0 विंसेंट परेरा ने दोनों रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिह्न प्रदान करते हुए अपने संदेश में कहा कि शिक्षकों हेतु कार्यशालाओं का आयोजन नितांत आवश्यक होता है। यथासमय आधुनिक शिक्षण शैलियों को आत्मसात् कर नवीन तकनीकियों द्वारा शिक्षण प्रदान करना वर्तमान परिदृश्य में अपरिहार्य है। अतिथिगण का अभिनंदन तथा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संत फ्रांसिस, अनपरा, संत मैरी, दुद्धी, संत जोसेफ स्कूल, रिहद नगर, सेपियंट स्कूल, खनहना विभिन्न विद्यालयों से आए हुए शिक्षकों को भी स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम के सुचारू संचालन में तकनीकी सहयोग एंथोनी लंगन का रहा एवं स्कूल के सभी शिक्षकों सहित अन्य सदस्यों ने भी अपना सराहनीय योगदान दिया।

