जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा कस्बा, युवाओं ने दिखाए आकर्षक करतबम्
सत्यपाल सिंह,,म्योरपुर (सोनभद्र):
शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर म्योरपुर कस्बे में श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे उत्साह व भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे नगर का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने अपने घरों पर केसरिया ध्वज लगाकर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा कस्बा भगवामय नजर आया।
इससे पूर्व युवाओं ने बाइकों पर केसरिया ध्वज लहराते हुए पूरे कस्बे में रैली निकालकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान युवाओं द्वारा लाठी-डंडों से हैरतअंगेज करतब भी प्रस्तुत किए गए, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।
शोभायात्रा के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे रामनवमी का पर्व पूरे क्षेत्र में धूमधाम से संपन्न हुआ।

