खेत में मिली नवजात बच्ची,अस्पताल में इलाज जारी
घोरावल(पी डी)सोनभद्र: स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जयमोहरा गांव मे एक खेत में नवजात बच्ची मिलने का मामला प्रकाश में आया।नवजात बच्ची को घोरावल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बुधवार को उसे जिला अस्पताल भेजा गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बकौली क्षेत्र के जयमोहरा गांव में वहीं की निवासी गुजराती देवी ने एक नवजात बच्ची देखा और इसकी जानकारी गांव वालों को दी।जयमोहरा की रहने वाली गुजराती ने बताया कि मंगलवार को गांव के रामचंद्र के खेत में उसने नवजात बच्ची को देख कर गांव वालों को बताया।वह बच्ची बिना कपड़ों के खेत में पड़ी रो रही थी।खबर फैलते ही नवजात बच्ची को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।किसी ने सूचना दी तो मौके पर एम्बुलेंस गई और नवजात को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ मुन्ना प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को नवजात बच्ची को जयमोहरा से अस्पताल में लाया गया, जहां बच्ची के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया।बच्ची की हालत ठीक है।बुधवार को दोपहर के पश्चात बाल कल्याण समिति के सुधीर शर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता रोमी पाठक घोरावल पहुंचे। अधीक्षक डॉ मुन्ना प्रसाद की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और इसके बाद नवजात को लेकर वे लोग जिला अस्पताल चले गए।जहां से उसे शिशु गृह में भेजा जाएगा।

