(मुस्तकीम खान करमा सोनभद्र)
कर्मा। स्थानीय कर्मा ब्लाक के कसया कला ग्राम पंचायत में प्रस्तावित पंचायत भवन का निर्माण कसया कला में न कराकर डेहरी गांव में प्रधान अपने निजी स्वार्थों के लिए डीपीआरओ के आदेश को दरकिनार कर कराने का आरोप कसया कला के ग्रामीणों व 06 सदस्यों ने लगाया है।
ग्रामीणों द्वारा प्रेषित प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत कसया कला के नाम से प्रस्तावित पंचायत भवन का निर्माण जबरन डेहरी में प्रधान द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों व सदस्यों ने ग्राम प्रधान के दबंगई पूर्ण कार्य करने के विरूद्ध डीपीआरओ को प्रार्थना पत्र प्रेषित किया। डीपीआरओ ने तत्काल प्रभाव से कार्य रोके जाने एवम प्रधान सचिव से निजी स्वार्थ में कार्य करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
ग्राम पंचायत के आधे से अधिक सदस्यों ने आरोप लगाया है कि एडियो पंचायत की उपस्थिति में कसया कला में पंचायत भवन निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया। दूसरे दिन सचिव व एडीओ पंचायत के निर्देश पर कार्य प्रारंभ भी करा दिया गया। मजे की बात यह कि एक ग्राम पंचायत में दो दो पंचायत भवन का निर्माण हो रहा है। एक ग्राम प्रधान द्वारा जबरन डेहरी में, दूसरा एडीओ एवम सचिव के द्वारा कसया कला में। देखना यह है कि प्रधान की दबंगई चलती है या अधिकारी गणों का निर्देश। मामला गंभीर बना हुआ है। दोनों स्थान पर कार्य सुरु हो गया है। ग्राम पंचायत सदस्य अर्जुन सिंह, सुनीता, प्रवेश यादव, शशिकांत व ग्रामीण सुरेंद्र सिंह, दीप प्रताप सिंह, शंभू, राम पति, राम सूरत यादव, रविन्द्र सिंह विवेकानंद आदि ग्रामीणों ने प्रधान के विरूद्ध कार्य स्थल पर जम कर नारे बाजी की। सदस्यों का कहना है कि ग्राम पंचायत कसया कला है, इस गांव में ग्राम समाज की जमीन भी है, तो डेहरी में बनाए जाने औचित्य ही नहीं है। ग्रामीणों व ग्राम पंचायत सदस्य गणों ने जिलाधिकारी को तहसील समाधान दिवस पर भी प्रार्थना पत्र प्रेषित कर जांच कराने एवम् कसया कला में हो रहे निर्माण कार्य को ही भुगतान कराने की मांग की है। ए डी ओ पंचायत अजय सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान विजय शंकर यादव द्वारा अवैध ढंग से डेहरी में कराए जा रहे निर्माण कार्य को नियम विरूद्ध घोषित किया गया है। उसे श्रमदान घोषित कर कसया कला के निर्माण कार्य को भुगतान किया जाएगा। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी राहुल सिंह ने भी प्रधान द्वारा अवैध रूप से डेहरी में निर्माण की पुष्टि करते हुए कसया कला का निर्माण नियमानुसार बताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने कर्मा थाना प्रभारी से तत्काल रोक लगाने की भी मांग की है। दो पक्षों के बीच विवाद का हल नहीं निकला तो स्थिति गंभीर बनती जा रही है। सूत्रों की मानें तो बुधवार को करकी गांव का निरीक्षण करने आ रहे नोडल अधिकारी से भी ग्रामीण स्थलीय निरीक्षण की मांग करेंगे।

