सन्तोष सिंह,
म्योरपुर/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के किरबिल में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में चोरों का आतंक चरम पर है। चोरों ने बाजार में तीन लोगों के मोबाइल पार किए। पीड़ित ने मामले की जानकारी ऑनलाइन व लिखित रूप से थाने में देकर न्याय की गुहार लगाई है।
म्योरपुर थाने से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर किरबिल में बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। बृहस्पतिवार को बाजार में सब्जी खरीदते समय दीपक जायसवाल निवासी किरबिल थाना म्योरपुर, राज नारायण गुप्ता निवासी किरबिल थाना म्योरपुर व भोला सोनी ग्राम प्रधान देवरी थाना म्योरपुर की एंड्रॉयड मोबाइल चोरों ने पार कर दी। बता दे कि बीते मंगलवार को सप्ताहिक बाजार आश्रम मोड़ में चोरों ने दो लोगों का महंगा मोबाइल फोन उड़ा लिया था। साप्ताहिक बाजार में चोरों का आतंक काफी दिनों से है। साप्ताहिक बाजार में आसपास कई गांव के लोगों की सब्जी खरीदने यहां आने से काफी भीड़ रहती है। भीड़ का फायदा उठाकर चोर महंगे मोबाइल फोन चुरा लेते हैं। चोरो पर कोई कार्रवाई न होने पर चोरों के हौसले बुलंद है। इस मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया मामला संज्ञान में नहीं आया है मामले की जांच कराएंगे।

