सोनभद्र
(शक्ति पाल ब्यूरो)
ओबरा स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में सोमवार सुबह महिला की खून से सनी लाश मिली। महिला के सिर को किसी वजनी वस्तु से कूंच दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
नगर के सेक्टर चार मलिन बस्ती निवासी रामदुलारे की पत्नी आशा देवी (55) रविवार की रात करीब 10 बजे घर से निकली थी। इसके बाद से ही उसका कहीं पता नहीं था। सोमवार सुबह श्रीराम मंदिर परिसर में रामलीला मंच के पीछे महिला की लाश पड़ी थी। उसके सिर पर गहरे चोट थे।
काफी मात्रा में खून आसपास बिखरा हुआ था सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को अवगत कराया। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि महिला के पति बिजली विभाग में काम करते थे। शव के पास से कुछ नशीली दवाएं भी मिली हैं। सिर पर गहरे चोट से अंदाजा लगाया जा रहा है कि सिर कूंचकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कुछ स्पष्ट हो पाएगा। विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।

