उमेश सागर ऊर्जांचल ब्यूरो
शक्तिनगर। एनसीएल खड़िया क्षेत्र द्वारा अपने आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति प्रदान करने हेतु जनप्रतिनिधियों के साथ योजना बैठक गुरुवार को परियोजना की कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया। जिस में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में विकास का खाका खींचने हेतु कार्य प्रस्ताव रखा और एनसीएल खड़िया क्षेत्र प्रबंधन का विभिन्न विषयों पर ध्यान आकृष्ट कराया।
जनप्रतिनिधियों में चिल्काटांड़ ग्राम प्रधान हीरालाल, खड़िया ग्राम प्रधान विजय गुप्ता, कोटा ग्राम प्रधान प्रमोद तिवारी, राजा परसवार ग्राम प्रधान अविनाश कुमार, बीडीसी रंजीत कुशवाहा, अंबेडकर नगर से ग्राम पंचायत सदस्य सुरेश गुप्ता व प्रदीप गुप्ता और एनसीएल खड़िया प्रबंधन की तरफ से स्टाफ अधिकारी कार्मिक आलोक कुमार टोप्पो, कार्मिक प्रबंधक पानी पंकज पांडे और सीएसआर अधिकारी राजाराम यादव उपस्थित रहे।
सामाजिक कॉरपोरेट दायित्व के तहत क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों की योजना बैठक तैयार करने हेतु जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न कार्यों का प्रस्ताव रखा। जिसमें मुख्य रुप से सड़क-नाली, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा कचरा निस्तारण, स्वास्थ्य केंद्र, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय का निर्माण व संचालन की व्यवस्था, मैरिज हॉल, रामलीला ग्राउंड जीर्णोद्धार व स्टेज निर्माण, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, हाई मास्क लाइट, छठ पूजा घाट, श्मशान घाट व तालाब इत्यादि प्रमुख विषयों पर कार्य योजना का प्रस्ताव रखा गया।

