अनिल जायसवाल
डाला/सोनभद्र।चोपन ब्लाक प्रमुख लीला देवी के बैंक खाते से बिना हस्ताक्षर व बिना बैंक गए रूपये निकाले जाने के मामले की जाँच साईबर रेंज थाना प्रभारी मिर्जापुर द्वारा किया जा रहा है। पूर्व में डाला स्थित एक बैंक खाते से धोखाधड़ी करके दो लाख पाँच हजार रूपये सेअधिक की धनराशि की निकासी कर ली गई थी।जिसको लेकर चोपन ब्लाक प्रमुख लीला देवी ने सम्बंधित बैंक के बैंक कर्मचारी व रूपये निकालने वाले लोगो के विरूद्ध चोपन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।लीला देवी प्रदेश सरकार के समाज कल्याण व अनुसूचित जाति जन जाति विभाग के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड की पत्नी हैं।रूपये निकाले जाने के मामले का पूर्व में विवेचना कर रहे डाला चौकी प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि जाँच के दौरान पता चला कि अलग-अलग बैंको के अलग-अलग पाँच ग्राहक सेवा केन्द्रो से विभिन्न तिथियो में 23 बार में दो लाख पाँच हजार रूपये से अधिक की निकासी की गई थी।जाँच में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के दो ग्राहक सेवा केन्द्र समेत पाँच को चिन्हित किया गया है।नेट तकनिकी का प्रयोग करके ओटीपी नंबर से रूपयों की निकासी की गई थी।पुलिस के प्रयास से ब्लाक प्रमुख के बैंक खाते में दो बार में 72 हजार रूपयों की वापसी भी हो गई है।उन्होने बताया कि रूपये निकासी मामले में आईटी एक्ट की एक धारा की बढ़ोत्तरी की गई है।नियमानुसार इस आईटी एक्ट के धारा की बढ़ोत्तरी होने के बाद एक लाख रूपये से अधिक का फ्राड होने पर मामले की जांच-पड़ताल और विवेचना साईबर रेंज थाना प्रभारी मिर्जापुर द्वारा किया जाएगा।इस लिए इस मुकदमें को साईबर रेंज थाना प्रभारी मिर्जापुर को स्थानान्तरित कर दिया गया है।मिर्जापुर साईबर रेंज थाना प्रभारी संजीव कुमार यादव ने बताया कि मामले की जाँच-पड़ताल कर साक्ष्य के लिए रिपोर्ट तलब किया गया है।जल्द ही मामले का पटाक्षेप होगा।

