शक्तिनगर प्रखंड में बजरंग दल ने पाक व आतंकवाद का जलाया पुतला।
उमेश सागर ऊर्जांचल ब्यूरो
शक्तिनगर। कश्मीर में आतंकियों द्वारा शिक्षकों की हत्या करने के विरोध में शनिवार को शक्तिनगर बस स्टैंड मुख्य तिराहे पर विहीप बजरंग दल ने आतंकवाद व पाकिस्तान का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसएसआई संतोष यादव को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। दोनों ही तरफ से आतंकियों पर प्रहार और तेज करने तथा आम लोगों के जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की माग की गई।
कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से मांग करते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370 और 35ए के हटने के बाद जम्मू कश्मीर में एकाएक आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि हुई है। आतंकवादी संगठन हिंदू व सिखों की हत्या कर रहे हैं, जिसे बजरंग दल के कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
रेणुकूट बजरंग दल जिला सहसंयोजक राघवेंद्र प्रताप सिंह की अगुआई में पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला जलाया गया, जिसमें शामिल विहीप बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया और इस मौके पर विभाग संगठन मंत्री सतीश जी ने कहा कि कश्मीर में चयनित तरीके से आतंकियों द्वारा की गई हत्याओं को गंभीरता से लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह सब पाकिस्तान की शह पर हो रहा है। हालाकि सुरक्षाबल आतंकियों का सफाया करने में लगे हुए हैं, लेकिन उन पर प्रहार और तेज करने के साथ ही सीमा पर घुसपैठ को रोकना भी सुनिश्चित होना चाहिए।
इस अवसर पर दुर्गा वाहिनी विभाग संयोजिका मंजू जायसवाल, बजरंग दल प्रखंड सह संयोजक प्रवीण सिंह, वरिष्ठ विहीप कार्यकर्ता छट्ठू सिंह, राजन सिंह, विक्की राय, श्रुति सिंह, रामबृक्ष कुशवाहा, पवन सोनी दीपक कुमार लोकई, शिव कुमार, श्रीमती रीता देवी सहित दर्जनों विहीप बजरंग दल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

